समाचारजिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 : विकास के 25 वर्षों की झलक दिखा रहे हैं आकर्षक स्टॉल
सभी विभागों की जीवंत प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
बिलासपुर, 2 नवंबर 2025/पुलिस परेड मैदान में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव 2025 में छत्तीसगढ़ राज्य के गौरवशाली 25 वर्षों की विकास यात्रा को दर्शाने वाली प्रदर्शनी लोगों को आकर्षित कर रही है। तीन दिवसीय इस आयोजन में विभिन्न विभागों ने अपने नवाचार, योजनाएँ और उपलब्धियाँ जीवंत रूप में प्रस्तुत की हैं।
जनसंपर्क विभाग : विकास के 25 वर्षों की झलक फोटो प्रदर्शनी में
जनसंपर्क विभाग द्वारा सजी फोटो प्रदर्शनी में राज्य निर्माण के बाद हुए विकास कार्यों को खूबसूरत छायाचित्रों में प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर यात्रा, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दी गई सौगातें, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, एक पेड़ माँ के नाम, रामलला दर्शन योजना आदि की झलक इसमें देखने को मिलती है।
पूर्व उपप्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी, श्री राजनाथ सिंह तथा स्व. दिलीप सिंह जूदेव के दुर्लभ चित्र विशेष आकर्षण हैं।


कृषि एवं उद्यान विभाग : जल संरक्षण और वैकल्पिक खेती का जीवंत प्रदर्शन
कृषि प्रधान बिलासपुर जिले में भूमिगत जल स्तर में आई गिरावट को ध्यान में रखते हुए विभाग ने कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलों का मॉडल प्रस्तुत किया है।
मक्का, मूंगफली, उड़द, मूंग और आयलपॉम गेदा मिर्च की अंतरवर्तीय खेती के साथ जैविक उत्पाद, उन्नत बीज, कृषि उपकरण और एफपीओ द्वारा निर्मित वस्तुएँ प्रदर्शित की गई हैं। यह प्रदर्शन किसानों को सतत खेती के लिए प्रेरित कर रहा है।
जल जीवन मिशन : हर घर तक शुद्ध जल पहुंचाने की पहल

“हर घर जल ग्राम” की थीम पर आधारित प्रदर्शनी में यह दिखाया गया है कि कैसे उच्च स्तरीय जलागारों से घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से प्रत्येक घर तक स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। यह पहल “जल ही जीवन है” के संकल्प को मूर्त रूप देती है और ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बना रही है।









